सीयूजे का दीक्षांत समारोह कल : 761 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

झारखंड शिक्षा
Spread the love

  • शिक्षा राज्यमंत्री होगी मुख्‍य अतिथि

रांची। झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) का द्वितीय दीक्षांत समारोह चेरी-मनातू स्थित विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर में 6 मई, 2022 को होगा। मुख्य अतिथि केन्‍द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी है। इस दौरान वर्ष 2020 से अब तक के 761 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें 29 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और एक विद्यार्थी को कुलाधिपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। 30 शोध विद्यार्थियों डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करेंगे। इस बार गणित विभाग की स्वर्ण पदक विजेता प्रतीशा मिश्रा को कुलाधिपति पदक से सम्मानित किया जायेगा।

ड्रेस कोड भी सुनिश्चित किया है

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए ड्रेस कोड भी सुनिश्चित किया है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर के डिग्रीधारक में लड़कियों के लिए आसमानी रंग की साड़ी या सलवार कमीज और लड़कों के लिए आसमानी शर्ट एवं डार्क पैंट है। पीएचडी डिग्रीधारकों में लड़कियों के लिए सफेद साड़ी या सलवार कमीज और कोरल रंग की बंडी एवं लड़कों के लिए सफेद शर्ट, डार्क पैंट और कोरल रंग की बंडी है। सभी डिग्रीधारकों को विश्वविद्यालय द्वारा सूती के बने दीक्षांत उत्तरीय उपलब्ध कराये जाएंगे।

यूट्यूब चैनल पर होगा प्रसारण

समारोह में केवल अकादमिक सदस्य, उपाधि प्राप्तकर्ता, उनके परिजनों को प्रवेश करने की अनुमति है। अन्य इच्छुक व्यक्ति दीक्षांत समारोह को विश्वविद्यालय के यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं। इस यूट्यूब चैनल का लिंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

13 साल पहले हुई स्‍थापना

झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना 13 साल पहले वर्ष, 2009 में की गयी थी। इस अन्तराल के दौरान विश्वविद्यालय ने अनेक अकादमिक उपलब्धियां अर्जित की हैं। प्रथम दीक्षांत समारोह का आयोजन कोरोना काल से पहले फरवरी, 2020 में किया गया था। वर्तमान में विश्वविद्यालय चेरी-मनातू स्थित अपने स्थायी परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में है। कुलपति प्रो क्षिति भूषण दास दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की उपलब्धि एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।