थाना के एएसआई को एसीबी ने 10 हजार घूस लेते किया गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

गोड्डा। दुमका भ्रष्‍टाचार निरोधक ब्‍यूरो (एसीबी) की टीम ने 10 हजार रुपये घूस लेते सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अनोद कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वह केस डायरी लिखने और थाने से बेल देने की बात कहकर पैसे की मांग कर रहा था। गिरफ्तार एएसआई गोड्डा के नगर थाना में पदस्‍थापित है।

एएसआई के खिलाफ गोड्डा के मुफ्फसील थाना क्षेत्र के रमला निवासी सुरेन्द्र कुमार ने शिकायत की थी। आवेदक के घर का नाम बबलू है। इनका जमीन संबंधित विवाद गोपलाडीह के इनके पड़ोसी से चल रहा था। इनके और इनके पड़ोसी के बीच चल रहे जमीनी विवाद के चलते आपस में गाली गलौज और मारपीट भी हुई थी। इससे संबंधित मामला नगर थाना गोड्डा में 13 मार्च, 2022 को दर्ज हुआ था।

उपरोक्त कांडों अनुसंधानकर्ता सहायक आरक्षी निरीक्षक अनोद कुमार थे। आरोपी अनोद कुमार द्वारा आवेदक के पक्ष में केस डायरी लिखने और थाना से ही बेल देने की बात बताकर 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गयी थी। आवेदक ने काफी आरजू विनती की। हालांकि अनोद कुमार नहीं मान रहे थे।

आवेदक घूस नहीं देना चाहते थे। इसके बाद उन्‍होंने एसीबी में शिकायत की। पुलिस उपाधीक्षक स्तर के पदाधिकारी द्वारा शिकायत का सत्‍यापन किया गया। सत्यापन के दौरान अनोद कुमार द्वारा 10,000 रुपये रिश्वत मांगने की बात सत्य पायी गयी।

परिवादी के लिखित आवेदन एवं सत्यापनकर्ता के सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर 1 मई, 2022 को मामला दर्ज किया गया। इसके बाद प्राथमिक अभियुक्त अनोद कुमार को 10,000 रुपये घूस लेते एसीबी की दुमका टीम ने 3 मई, 2022 को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।