कृषि कॉलेज के छात्रों ने कर्मचारी से की हाथापाई, वीसी तक पहुंची शिकायत

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के रांची कृषि महाविद्यालय में छात्रों ने कर्मचारी अगम लाल महतो से हाथापाई की। गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया। इसकी शिकायत कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह तक पहुंची। इस घटना से कॉलेज और विश्वविद्यालय के कर्मचारियों में रोष है।

यह घटना सोमवार को कॉलेज के कुलसचिव कार्यालय में पूर्वाह्न घटी। छात्रों का दल कर्मचारी से सेमेस्टर रिपोर्ट की मांग कर रहा था। कर्मचारी ने कहा कि कुलसचिव अपने विभाग में है, उनके वापस आते ही प्रक्रिया के तहत छात्रों को सेमेस्टर रिपोर्ट दे दी जाएगी। इसपर छात्र आक्रोशित होकर कर्मचारी अगम लाल महतो के साथ गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार करने लगे। इस मामले में लाचार बताये जाने पर छात्र दल कर्मचारी के साथ हाथापाई करने लगे

कॉलेज कार्यालय के कर्मचारी मो कलीम एवं एके नायक द्वारा बीच-बचाव करने पर भी छात्र आक्रोशित थे। कर्मचारियों ने किसी तरह अगम लाल महतो को छात्रों के चंगुल से बचाया।

कॉलेज के कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्ड के साथ लगातार घट रही इस तरह की घटना से कॉलेज एवं विश्वविद्यालय मुख्यालय के कर्मचारियों में काफी रोष है। कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर में छात्रों द्वारा भय का माहौल बनाने एवं कर्मचारियों को अपमानित करने को लेकर कुलपति को लिखित शिकायत की है।

कर्मचारियों ने कुलपति से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। कर्मचारियों ने कुलपति से दोषी छात्र अनिष कुमार, पियूष कुमार मार्शल, रौशन कुमार एवं सुमित कुमार पर तत्काल अनुशासनात्मक करवाई करते हुए कॉलेज परिसर में शांति पूर्ण माहौल स्थापित करने का अनुरोध किया है।

विवि प्रबंध कक्ष में कर्मचारियों ने कुलपति के समक्ष कॉलेज परिसर में छात्रों के व्यवहार एवं अनुचित आचरण और अपमानित करने की विभिन्न घटनाओं से अवगत कराया। दूसरी ओर छात्रों ने भी कुलपति से मुलाकात कर बैठक की। कर्मचारी अगम लाल महतो को दोषी ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की।

कुलपति ने दोनों पक्षों का पक्ष ध्यान से सुना। छात्रों एवं कर्मचारियों को एक दूसरे का पूरक बताया। कॉलेज में शांति पूर्ण माहौल बनाये रखने में सहयोग की अपील की।