
रांची। झारखंड में 19 अप्रैल यानी मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। कई जगह वज्रपात होगा। कई जगहों पर लू चलेगी। आंधी चलने की भी आशंका है। इसका प्रभाव राज्य के अलग-अलग जिलों में देखने को मिलेगा। आने वाले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी होगी। रांची स्थित मौसम केंद्र ने यह जानकारी सोमवार को जारी बुलेटिन में दी है।
इन जिलों में चलेगी लू
मौसम केंद्र के अनुसार 19 और 20 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा जिले में कहीं-कहीं लू चलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लगातार पांच दिन बारिश
केंद्र के मुताबिक राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एनं निकटतम मध्य भागों में 19 से 23 अप्रैल तक कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे। कई जगहों पर गर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना भी है। इसका असर देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिले में देखने को मिलेगा।
यहां वज्रपात की आशंका
मौसम केंद्र के मुताबिक 17 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिण एवं निकटतम मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका भी है। इसका असर देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिले में देखने को मिलेगा। इसे लेकर लोगों को सावधान एवं सतर्क रहने की जरूरत है।
तीन दिन चलेगी आंधी
केंद्र के मुताबिक 20 से 22 अप्रैल तक राज्य में कहीं-कहीं पर तेज सतही हवा और आंधी चल सकती है। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।