रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अभी भीषण गर्मी का प्रकोप है। कई जिले लू की चपेट में हैं। कुछ जगहों पर जल्द ही बारिश होने वाली है। तीन दिन गर्जन के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है। राज्य में अगले 5 दिन तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। शुक्रवार को आंशिक बादल छाये रहेंगे। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 14 अप्रैल की बुलेटिन में दी है।
इन जिलों में लू चलेगी
राज्य के कई जिलों में 15 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम में कहीं-कहीं लू चलेगी। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा जिलों में देखने को मिलेगा। गढ़वा, पलामू, चतरा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
यहां बारिश की संभावना
केंद्र के मुताबिक 16 से 20 अप्रैल तक राज्य के उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भाग में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहेंगे। कई इलाकों में गर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना है। 16 और 20 अप्रैल को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इसी तरह 17, 18 और 19 अप्रैल को इसका प्रभाव गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और कोल्हान के कई इलाकों में देखने को मिलेगा।
यहां वज्रपात की आशंका
मौसम केंद्र के मुताबिक 16 अप्रैल तक गर्जन के साथ वज्रपात भी होने की आशंका है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज के कई इलाकों में कहीं-कहीं इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इसी तरह 17 औ 18 अप्रैल को इसका प्रभाव गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और कोल्हान में असर देखने को मिलेगा।