अपने बलबूते रांची नगर निगम के खाते को फ्रीज करा लौटवाए पैसे, दिखाई आम आदमी की ताकत

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची स्थित हरमू हाउसिंग कॉलोनी में रहने वाले पारसनाथ सिन्हा ने नगर निगम को आम आदमी की ताकत दिखा दी। उन्होंने अपने बलबूते नगर निगम के खाते को फ्रीज करा दिया और पैसे वापस करा लिए।

दरअसल पारसनाथ सिन्हा ने वर्ष 2009-10 में नगर निगम से वाटर कनेक्शन लिया था। लेकिन उनके घर में कभी बूंदभर भी पानी नहीं आया। वर्ष 2018 में उन्हें पता चला कि वाटर कनेक्शन लेने की एवज में उन पर पानी के बिल का 30 हजार रुपए बकाया है। उसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री जनसंवाद में की।

साथ ही तत्कालीन पीएचइडी मंत्री रामचंद्र सहिस के जनता दरबार में भी मामले को रखा। मुख्यमंत्री जनसंवाद व मंत्री के यहां बात रखने के बाद दोनों जगहों से निगम को पत्र भेजा गया। निगम से कहा गया कि पारसनाथ सिन्हा के मामले की जांच कर उचित कदम उठाया जाए। लेकिन निगम अपनी मांग पर अड़ा रहा और उसने बिल माफ नहीं किया। इस पर पारसनाथ सिन्हा ने निगम में बिल का भुगतान कर दिया। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

उन्होंने वर्ष 2020 में इसकी शिकायत स्थायी लोक अदालत में की। यहां बताया कि उन्होंने वाटर कनेक्शन तो लिया था, लेकिन उनके घर पर कभी एक बूंद पानी नहीं आया। उसके बाद भी निगम ने 30 हजार रुपए पानी का बिल भरने के लिए मजबूर किया। मामले की सुनवाई करते हुए अगस्त 2021 में लोक अदालत ने आदेश दिया कि प्रार्थी के घर पर कभी पानी पहुंचा ही नहीं। ऐसे में निगम उनके जमा किए गए पानी के बिल को वापस करे।

आदेश देने के छह माह गुजरने के बाद भी निगम ने उनके पैसे नहीं लौटाए, तो उन्होंने इसकी शिकायत फिर से लोक अदालत में की। अंतत: उनका पैसा निगम को लौटाना पड़ा। पैसे लौटाने के बाद निगम का अकाउंट अनफ्रीज किया गया।