महीनों से हो रहा गैस रिसाव, प्रशासन उदासीन, बड़ी अनहोनी की आशंका

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्ठ

बोकारो। जिले के गोमिया अंचल की विभिन्न पंचायतों में महीनों से गैस रिसाव हो रहा है। कई बार इसकी वजह से आग भी लग चुकी है। कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया। इसके बाद भी प्रशासन उदासीन बना हुआ है। इससे आने वाले दिनों में बड़ी अनहोनी की आशंका है। इसकी रोकथाम को लेकर अब माकपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बोकारो उपायुक्त को पत्र लिखा है।

माकपा के गोमिया प्रखंड सचिव राकेश कुमार ने पत्र में कहा है कि गोमिया अंचल के विभिन्न गांवों में पिछले कई महीनों से गैस का रिसाव हो रहा है। यह आज भी उसी गति से जारी है। पिछले अप्रैल-मई माह में तिलैया पंचायत के जागेश्वर बिहार के नजदीक बोकारो नदी के बगल में इससे आग लग चुकी है।

गैस रिसाव की रोकथाम के लिए पार्टी ने 19 मई, 2021 को गोमिया के तत्कालीन अंचल अधिकारी कपिल कुमार को मांग पत्र भी सौंपा था। हालांकि इसकी रोकथाम के लिए कोई सकारात्मक पहल आज तक नहीं की गई है। आज भी अंचल की तिलैया, पचमो, पलिहारी गुरुडीह समेत अनेक पंचायत के गांवों में गैस रिसाव जारी है।

पार्टी की टीम ने तिलैया, पचमो, पलिहारी गुरूडीह पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा किया। स्थल की जांच पड़ताल की। आसपास के ग्रामीणों से बात करने पर पता चला कि आसपास के ग्रामीण गैस रिसाव की घटना से डरे हुए हैं। उनका मानना है कि कभी भी कोई बड़ी अनहोनी या घटना घट सकती है।

प्रखंड सचिव ने मांग की है कि‍ अविलंब जिला प्रशासन गैस रिसाव होने वाले स्थानों का मुआयना करें। इसकी रोकथाम के लिए कोई कार्ययोजना बनाएं, ताकि गैस रिसाव रूक सके। भविष्य में कोई बड़ी घटना नहीं हो।