नहीं रहे झारखंड के पूर्व राज्यपाल के शंकर नारायणन

झारखंड
Spread the love

रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व झारखंड के पूर्व राज्यपाल के शंकरनारायणन का निधन हो गया। वे 89 साल के थे। वे काफी दिनों से बीमार थे। पिछले डेढ़ साल से उनका इलाज चल रहा था। उनका निधन केरल के पलक्कड़ स्थित आवास पर हो गया। उनके निधन पर राज्‍यपाल रमेश बैस और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया। राजभवन में शोक सभा का आयोजन भी किया गया।

वे झारखंड के अलावा महाराष्ट्र, नागालैंड के भी राज्यपाल रहे थे। उनके निधन पर कई गणमान्य लोगों ने शोक जताया है। वह चार बार विधायक रहे। उन्होंने केरल सरकार में वित्त, कृषि और उत्पाद शुल्क का विभाग भी संभाला था।

राज्यपाल रमेश बैस ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल के शंकरनारायणन के निधन पर गहरा दुःख और शोक प्रकट किया है। उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की है। उन्होंने राजभवन में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।

इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी समेत राजभवन के अन्य अधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए राजभवन में 2 मिनट का मौन भी रखा गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व राज्यपाल के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा लोक सेवा और राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने परमेश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।