6 लोगों को नया जीवन देगी 7 साल की बच्ची, गोली लगने से हुआ था ब्रेन डेड

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। एम्स दिल्ली में इलाज करा रही सात साल की ब्रेन डेड लड़की कम से कम 6 लोगों को नया जीवन देने जा रही है। बेटी के अंग प्रत्यारोपण को लेकर उसके माता पिता काफी खुश हैं। बच्ची का इलाज करने वाले डॉक्टरों के अनुसार, शुक्रवार को उसके लीवर, किडनी और कॉर्निया और हार्ट वॉल्व की जांच की गई थी।

नोएडा के रहने वाले एक शख्स (पेशे से दर्जी) के छह बच्चों में से एक लड़की को सिर में चोट लगने के कारण बुधवार रात 11.30 बजे एम्स के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। सीटी स्कैन से पता चला कि उसके सिर के दाहिने हिस्से में एक गोली लगी थी, लेकिन माता-पिता को पता नहीं था कि उसे गोली लगी है।

डॉक्टरों की बातें सुनकर उसके माता-पिता घबरा गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ शोर तो सुना था लेकिन यह यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि बेटी को गोली लगी है। पिता हरनारायण प्रजापति ने बताया कि वह अपने दो भाई-बहनों के साथ बाहर एक खाट पर थी और हम अंदर थे। अचानक जोर की आवाज आई, देखा तो उसका बहुत खून बह रहा था। हमें नहीं पता था कि इसका क्या कारण है। किसी से दुश्मनी भी नहीं है।

डॉक्टरों ने हमें बताया कि उसे गोली मार दी गई थी। हमें नहीं पता कि क्या हुआ और क्यों। बच्ची का ब्रेन डेड होने के बाद फिर डॉक्टरों ने हमें समझाया कि यह कैसे लोगों की जान बचाने में मदद करेगा, इसलिए हम सहमत हो गये।