आधुनिक भारत के निर्माण में महिलाओं की सर्वोपरि भूमिका होगी : कुलपति

झारखंड
Spread the love

  • बीएयू में महिला दिवस मनाया गया

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में महिलाओं की सर्वोपरि भूमिका होगी। वर्तमान में हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी भूमिकाओं में विशेष योगदान से अपनी पहचान स्थापित करने में सफल हो रही है। राज्य में कृषि के विकास में महिलाओं का सदा से अहम् योगदान रहा है। देश के विकास को गति देने में भारतीय महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक व राजनितिक क्षेत्र के विकास में सशक्त भागीदारी को प्रभावी बनाना होगा।

मुख्य अतिथि आईसीएआर क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, पटना, बिहार के मुख्य वैज्ञानिक डॉ अरविन्द कुमार चौधरी ने कहा कि देश के कृषि शिक्षा, शोध एवं प्रसार के क्षेत्र में महिला कृषि वैज्ञानिकों का उल्लेखनीय योगदान देखा जा रहा है। फसल आनुवांशिकी एवं पौधा प्रजनन में महिलाएं अहम् भूमिका निभा रही है। आने वाले वर्षो में कृषि शिक्षा, शोध एवं प्रसार के क्षेत्र में महिलाओं की बड़ी भागीदारी होने वाली है।

डीन एग्रीकल्चर डॉ एसके पाल ने कहा कि विगत 3-4 वर्षो में कृषि विश्वविद्यालय के यूजी, पीजी एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों के नामांकन में छात्राओं की 65 प्रतिशत से भी अधिक भागीदारी रही है। देश में महिलाओं का भविष्य काफी उज्ज्वल है।

मौके पर गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ रेखा सिन्हा ने महिलाओं की पोषण सुरक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। देश में स्वस्थ्य भावी पीढ़ी एवं बच्चों के लिए महिलाओं की पोषण सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। मौके पर महिला वैज्ञानिक डॉ शशि किरण तिर्की ने भी अपने विचारों को रखा।

स्वागत करते हुए कृषि प्रसार शिक्षा की विभाग अध्यक्ष डॉ निभा बाड़ा ने कहा कि भारतीय समाज में महिला एवं पुरूष को एक दूसरे के पूरक समझने की आवश्यकता है। समाज में महिलाओं की उन्नत्ति के साथ परिवार से सामंजस्य में पुरूष समाज में सकारात्मक विचार समय की मांग है।

समारोह का संचालन डॉ तजवर इजहार और धन्यवाद डॉ नेहा पांडे ने किया। मौके पर विश्वविद्यालय के महिला एवं पुरूष वैज्ञानिकों सहित बड़ी संख्या में छात्राएं भी मौजूद थीं।