नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर दिल छू जाने वाला वीडियो सामने आया है। 19 साल का एक लड़का देर रात नोएडा की सड़क पर बिना किसी बात की परवाह किए 10 किलोमीटर तक दौड़ता चला जा रहा था। तभी कार से जा रहे फिल्म निर्माता विनोद कापड़ी की उस पर नजर पड़ी और उन्होंने तुरंत ही उसे गाड़ी से घर छोड़ने का ऑफर दिया, लेकिन कई बार अनुरोध के बावजूद वो इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
दरअसल, 19 साल का प्रदीप मेहरा मैकडोनाल्ड कंपनी में अपनी नौकरी पूरी कर दौड़ का अभ्यास कर रहा था क्योंकि उसका ख्वाब सेना में भर्ती होने का है। वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ ही कापड़ी ने उससे पूछा तो उसने बताया कि वो घर जाकर अपने और बड़े भाई के लिए खाना बनाएगा। उत्तराखंड का रहने वाला प्रदीप अपने बड़े भाई के साथ नोएडा में रहता है। उसकी मां अस्पताल में भर्ती है।
प्रदीप का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद ही वायरल हो गया। प्रदीप ने उन्हें बताया कि वो कंपनी में नौकरी के बाद घर दौड़ते हुए जाता है, क्योंकि उसके पास रनिंग प्रैक्टिस के लिए और वक्त नहीं मिल पाता। दौड़ की वजह उसने सेना में भर्ती होने का अपना सपना बताया। कापड़ी ने सुबह जल्दी उठकर दौड़ने की बात कही, लेकिन उसने बड़ी विनम्रता से इसे ठुकरा दिया।
वो रोजाना नोएडा सेक्टर 16 से बरौला स्थित अपने घर तक रोजाना यूं ही दस किलोमीटर की दौड़ लगाता है। कापड़ी ने उसे साथ बैठकर डिनर का ऑफर भी दिया, लेकिन उसने कहा कि अगर वो उनके साथ डिनर पर जाता है, तो उसका भाई भूखा रह जाएगा। उसका भाई एक कंपनी में नाइट शिफ्ट में काम करता है, लिहाजा वो अपने लिए खाना नहीं बना सकता।