धनबाद। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल और मंडल रेल प्रशासन के बीच स्थाई वार्ता तंत्र की बैठक गुरूवार को मंडल रेल प्रबंधक सभागार में शुरू हुई। बैठक में प्रशासनिक पक्ष की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल ने की। यूनियन पक्ष की अध्यक्षता डीके पांडेय ने की। बैठक की कार्रवाई का संचालन वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी जयप्रकाश सिंह ने किया। सहयोग सहायक कार्मिक अधिकारी नीरज कुमार ने किया। इस अवसर पर अपर महामंत्री मो ज्याऊद्दीन, सहायक महामंत्री ओमप्रकाश, केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा, केंद्रीय संगठन मंत्री पीके मिश्रा सहित सभी शाखाओं के सचिव उपस्थित थे।
पहले दिन यूनियन द्वारा उठाई गई रेलकर्मियों की विभिन्न समस्या पर शाखा अधिकारियों ने अपनी बात रखी। वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) दिनेश कुमार ने बताया कि सिंगरौली में 32 केवी विद्युत आपूर्ति के लिए संसाधन की व्यवस्था हो गई है। जल्द ही आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। गोमो में भी 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के लिए कार्य की स्वीकृति मिल है। धनबाद वाशिंग पिट संख्या एक में बिजली की व्यवस्था कर दी गई है। अन्य पिट में कार्य प्रगति पर है। नगर उंटारी में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। विंढमगंज, गढ़वा टाऊन, मेरालग्राम और सलईबनवा में राज्य सरकार के बिजली विभाग से सामंजस्य स्थापित कर रेलवे क्षेत्र के लिए आपूर्ति की व्यवस्था अंतिम चरण में है।
गुरमुरा में मई तक बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास जारी है। मगरदहा, खुलदिल रोड, मिर्चाधुरी, फफराकुंड में भी बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है। वहां पेयजल की व्यवस्था भी जल्द शुरू कर दी जाएगी। गोमो और पाथरडीह यार्ड में हाई मास्ट की जरूरत पर कार्य प्रस्ताव महाप्रबंधक हाजीपुर को भेजा गया है। बरवाडीह कालोनी में राज्य सरकार द्वारा एकपक्षीय निर्णय लेते हुए विद्युत आपूर्ति काट दी गई है। यूनियन के सदस्यों ने इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग रखी। मंडल रेल प्रबंधक ने चर्चा के बाद तत्काल प्रभाव से बरवाडीह कालोनी में वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिए।
धनबाद के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने यूनियन की मांगों पर विभागीय पक्ष रखते हुए कहा कि चोपन क्षेत्र के रेलकर्मियों के इलाज के लिए वाराणसी के पोपुलर अस्पताल से अनुबंध हो गया है। हेरिटेज अस्पताल से भी अनुबंध की प्रक्रिया की जा रही है। गोमो में एम्बुलेंस सुविधा बहाल कर दी गई है। बरकाकाना और बरवाडीह अस्पताल में एम्बुलेंस का अनुबंध अंतिम चरण में है। धनबाद मंडल अस्पताल में मरीजों को बैठने और दूर दराज क्षेत्र से इलाज के लिए आए मरीजों के लिए वॉशरूम युक्त विश्रामगृह बनाने की मांग पर प्रस्ताव संबंधित फोरम पर भेजा जाएगा।
यूनियन के मीडिया प्रभारी एनके खवास ने बताया कि बैठक में सीपी पांडेय, वीकेडी द्विवेदी, अजित कुमार, चंदन शुक्ला, सुनील सिंह, आरएन चौधरी, टीके साहु, बीके झा, एके दा, बसंत दूबे, केके सिंह, नेताजी सुभाष, कार्यालय प्रभारी सोमेन दत्ता शामिल हुए।