तेली समाज ने हक और अधिकार के लिए लड़ने का लिया संकल्‍प

झारखंड
Spread the love

  • जिलास्तरीय महाधिवेशन में एकजुटता दिखाई

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज ने लोहरदगा जिलास्तरीय तेली महाधिवेशन में एकजुटता दिखाई। इसमें हजारों लोग शामिल हुए। समाज के लोग, युवाओं ने भंडरा से कार्यक्रम स्थल तक मोटरसाइकिल रैली निकाली। जिलाध्यक्ष कैलाश साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज ने अपने हक और अधिकार के लिए हर संभव लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।

महाधिवेशन में स्थानीय सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि समाज की मांग को पूरा करने के लिए मैं हमेशा साथ हूं। लोकसभा में समाज की मांग को उठाऊंगा।

मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू ने कहा कि‍ समाज अब अपने हक और अधिकार के लिए एकजुट है। सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ी जाने लगी है। पिछले दिनों मानव श्रृंखला बनाकर हमने अपनी मांगें सरकार के समक्ष प्रस्तुत की।

जिला अध्यक्ष कैलाश साहू ने कहा कि‍ नागपुर में खेती किसानी और पटना में खलिहानी को हमारे पुरखों ने लड़कर अलग किया। अब खेती भी झारखंड में और खलि‍हानी भी यहीं हो, इसके लिए 1932 का खतियान लागू हो। तेली समाज को अनूसूचित जनजाति में शामिल करने के लिए सरकार पहल करे, नहीं तो विकराल आंदोलन होगा।

पूर्व राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष रिपु सूदन साहू ने कहा कि‍ तेली समाज अपने हक की आवाज बुलंद कर रहा है। समाज में व्याप्त कुरीति, कुप्रथा, कुप्रचलन को समाप्त करने की दिशा में भी कदम बढ़ा लिया है। हम सरकार से मांग करेंगे कि आवश्यक पदार्थ पेट्रोलियम व गैस की महंगाई में कमी लाएं।

सीटीयूएस के केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग ने कहा कि समाज को संगठित रहना समय की मांग है। संगठन की ताकत जितनी होगी, समाज उतना ही सक्षम होगा। अपने हक और अधिकार की लड़ाई के लिए चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी चल रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो शिवदयाल साहू ने कहा कि जागृत समाज ही सशक्त होता है। तेली जाति का जब से संगठन बना है, कई रचनात्मक काम हुए हैं।

जिला कार्यकारी अध्यक्ष जयनाथ साहू ने कहा कि‍ राजनीतिक जागृति के अभाव में समाज राजनीतिक अनदेखी का शिकार है। हर ताले की चाभी राजनीति है। इसलिए समाज को राजनीतिक रूप से भी शक्तिशाली होना होगा। समाज की वर्षों पुरानी मांग तेली को अनूसूचित जनजाति में शामिल करने का है, जो की राजनीतिक शक्ति प्राप्त किए बिना संभव नहीं है। इसलिए भी राजनीति की जागृति जरूरी है।

महाधिवेधन को गुमला जिला अध्यक्ष नीलांबर साहू, भाजपा नेता मुनेश्वर साहू, मोहन साहू, शिव नारायण साहू, राधिका देवी, अजय पंकज, विजय साहू ने भी संबोधित किया। नंदकिशोर साहू मुन्ना, बजरंग साहू, बलराम साहू, हरिनाथ साहू, रवि साहू, विजय साहू, भागवत साहू, मुन्नी साहू, सितोश साहू, देवानंद साहू अमरनाथ साहू, ज्ञान प्रकाश, संगीता देवी, सरिता देवी, नरेश साहू, लखपति साहू, शशि प्रकाश साहू, देवेंद्र साहू सहित हजारों लोग उपस्थिति थे।

सभा का संचालन महासचिव मनोज साहू ने किया। महाधिवेशन में राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष रिपु सूदन साहू को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सदस्य मनोनित किए जाने पर सम्मानित किया गया।