बिहार के शेखपुरा में छह नाबालिग बच्चों ने दो नाबालिग बच्चियों के साथ किया गैंगरेप

अपराध देश बिहार
Spread the love

शेखपुरा। शर्मनाक खबर बिहार के शेखपुरा जिले से आयी है, जहां बरबीघा थाना क्षेत्र में 6 नाबालिग बच्चों ने दो नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक बलात्कार किया है। आरोपित बच्चों की उम्र 9 से 12 वर्ष के बीच है। वहीं बच्चियों की उम्र 9 वर्ष है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है।

पुलिस को दोनों आरोपियों ने बताया कि मोबाइल में देख कर उन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। मामले में एक पीड़ि‍त बच्ची की दादी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि उनकी नौ वर्षीया पोती अपनी सहेली के साथ बथुआ साग तोड़ने गई थी। वहां से जब पोती लौटकर आई, तो उसकी हालत देखकर सभी सन्न रह गये।

एक लड़का पड़ोस का था। जब शिकायत करने उसके घर गई, तो उसके स्वजनों ने गालीगलौज कर भगा दिया। रात अधिक होने के कारण थाने नहीं गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गांव के लोगों ने दो लड़कों को पकड़ा। तब उन्हें लेकर थाने पहुंची। थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो बच्चे पुलिस अभिरक्षा में हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपित लड़कों ने बताया कि मोबाइल पर गंदी फिल्में देखकर उनलोगों ने यह किया है। लड़कियों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। अन्य आरोपितों की खोजबीन की जा रही है।