हो जाएं तैयार, कल से खुल जाएगा राजभवन गार्डेन, ये है खूबी

झारखंड
Spread the love

रांची। तैयार हो जाएं। राज्यपाल रमेश बैस के निर्देश पर रांची स्थित राजभवन गार्डेन आम नागरिकों के भ्रमण व परिदर्शन के लिए खोल जा रहा है। गार्डेन 21 मार्च से 27 मार्च, 2022 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खोला जा रहा है।

गार्डेन में प्रवेश राजभवन के गेट नंबर-2 से सुरक्षा जांच के बाद दोपहर 2 तक दिया जायेगा। सभी आगंतुकों को अपना पहचान पत्र साथ रखना होगा। कोविड-19 के लिए निर्देशित सभी सुरक्षा गाइडलाईन का पालन करना होगा।

राज्यपाल के निर्देश पर निर्मित दो कृत्रिम ऑक्टोपस, चिल्ड्रेन पार्क, कृत्रिम पहाड़ व झरने, वूडेन आर्ट गैलरी के साथ राजभवन के दीवारों पर सोहराय पेंटिंग आकर्षण के विशेष केन्द्र हैं। राज्यपालों द्वारा गार्डेन को और खूबसूरत बनाने के लिए लगभग 8,000 गुलाब के नये पौधे लगाये गये।

गार्डेन में विभिन्न प्रकार के 500 फलों के पौधे भी लगाए गए हैं। इसमें संतरा, मौसमी, थाई अमरूद, एप्पल बेर, 3 प्रकार के नींबू शामिल हैं। राज्यपाल द्वारा फूलो झान्हो गार्डेन में स्थित म्यूजिकल फाउंटेन सहित अन्य फाउंटेन को नया स्वरूप प्रदान किया गया है।

राज्यपाल ने आम नागरिकों के भ्रमण व परिदर्शन अवधि में हमेशा फाउंटेन चलाने का निर्देश दिया है, ताकि आगंतुकों के लिए आकर्षक होने साथ-साथ गर्मी के वातावरण को भी कम कर सके। उद्यान में रुद्राक्ष, कल्पतरु जैसे दुर्लभ पौधे भी देखे जा सकते हैं।