प्राध्यापकों की मांगों को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलेगा शैक्षिक महासंघ

झारखंड
Spread the love

रांची। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उच्च शिक्षा संवर्ग झारखंड प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के प्रमुख प्राध्यापकों की बैठक निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय में 13 मार्च को हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने की। इसमें प्राध्‍यापकों की मांगों को लेकर राज्‍यपाल और मुख्‍यमंत्री से मिलने का निर्णय लिया गया।

बैठक में विशेष रूप से एबीआरएसएम के अखिल भारतीय उच्च शिक्षा प्रभारी महेंद्र कुमार (वाराणसी) विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर पूरे देश के 75 विश्वविद्यालयों में बड़ी-बड़ी संगोष्ठी एवं कार्यशाला होंगे। इसके अंतर्गत राज्यों के गुमनाम वीर योद्धाओं के बारे में समाज को अवगत कराया जाएगा। उनकी जीवनी पर पुस्तकों का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के 750 बड़े महाविद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं के बीच इस वर्ष संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने झारखंड के प्राध्यापकों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलकर अवगत कराते हुए निराकरण का सार्थक प्रयास करने की अपील की।

बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ ब्रजेश कुमार और धन्यवाद प्रदेश संगठन मंत्री डॉ राजकुमार चौबे ने किया। बैठक में रांची विश्वविद्यालय से डॉ राजकुमार शर्मा, डॉ ब्रजेश कुमार, डॉ ज्योति प्रकाश, डॉ सुनीता कुमारी गुप्ता, डॉ सुनीता कुमारी, डॉ बैद्यनाथ कुमार, डॉ रामकेश पाण्डेय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय (हजारीबाग) से डॉ प्रदीप कुमार सिंह, डॉ राजकुमार चौबे, डीएसपीएमयू (रांची) के डॉ अभय कृष्ण सिंह, डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, कोल्हान विश्वविद्यालय (चाईबासा) से डॉ विजय प्रकाश, डॉ पुरषोत्तम कुमार एवं धर्मेंद्र कुमार, बीबीएमकेयू (धनबाद) से डॉ मनोजकुमार तिवारी, एनपीयू (पलामू) से डॉ बृज कुमार मिश्र सहित कई प्राध्यापक शामिल हुए।

सर्वसम्मति से ये निर्णय लिये गये

आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर 8 मई 2022 को रांची में झारखंड के सभी विश्वविद्यालय के प्रमुख प्राध्यापकों की कार्यशाला की जाएगी। उसी कार्यशाला में सभी विश्वविद्यालयों में होने वाली संगोष्ठी की तिथि तय की जाएगी।

झारखंड के प्राध्यापकों की मूल मांगें प्रोन्‍नति, पीएचडी इन्क्रीमेंट, पुरानी पेंशन आदि मुद्दे पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी।

झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों में इकाई पुनर्गठन 30 अप्रैल तक करने का निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को झारखंड में अक्षरशः लागू कराने के लिए सरकार से वार्ता की जाएगी।

एबीआरएसएम की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक 25 और 26 जून, 2022 को अयोध्या में होनी है। इसमें झारखंड से 4 पदधारी शामिल होंगे।