बिहार के मधुबनी में फंदे से लटके दंपती, आठ महीने की गर्भवती थी महिला

देश बिहार
Spread the love

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में पारिवारिक विवाद से आजिज होकर दंपती ने एक ही साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार महिला 8 महीने की गर्भवती थी। इस घटना से मायके और ससुराल वाले दोनों सदमे में हैं।

घटना खजौली प्रखंड के बेहटा गांव की है। जिस समय घटना हुई, उस समय घर में पति-पत्नी के अलावे कोई और नहीं था। युवक के माता-पिता उसी गांव में अपने दूसरे घर पर थे। जब वहां से उसकी मां घर पर आई, तो देखा कि सन्नाटा पसरा हुआ है। उसने अपनी बहू और बेटे को आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इसके बाद लड़के के पिता भी वहां पहुंचे। जब गेट खुला, तो होश उड़ गये।

छत से एक ही साड़ी से फंदा बनाकर एक तरफ बेटा और दूसरे तरफ उनकी बहू लटकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची, जिसके बाद फंदे से दोनों पति पत्नी के शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर हॉस्पिटल भेज दिया गया। मृतक राजू प्रसाद यादव (22 साल) पेशे से मैकेनिक था और ट्रैक्टर भी चलाता था।

अपनी जमीन पर गैरेज खोलकर पिता और राजू दोनों मिलकर काम करते थे। मृतका की मां शीला देवी ने खजौली थाने में आवेदन दिया है। बताया कि कुछ दिनों पूर्व दामाद और बेटी में नोकझोंक हुई थी। वह इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं कराना चाहती है। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।