सरकारी स्कूल के 2.92 लाख विद्यार्थियों को हर साल मुफ्त मिलेगी ये विशेष किताबें

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। झारखंड के सभी सरकारी विद्यालयों की 9वीं कक्षा में नामांकित और अध्ययनरत सभी श्रेणी के विद्यार्थियों को अनिवार्य पुस्तकों के अलावा विशेष पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएगी। इन पुस्तकों में डिक्शनरी : Bilingual, एटलस, सामान्य ज्ञान और English Grammar शामिल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इससे संबंधित स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव पर अब मंत्रिमंडल की स्वीकृति ली जाएगा।

सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास को लेकर सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अनिवार्य पुस्तकों के साथ विशेष पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने में मदद मिलेगी।

राज्य के सरकारी माध्यमिक/उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की 9वीं कक्षा में 2 लाख 92 हजार 7 सौ 60 विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें 1 लाख 33 हजार 9 सौ 82 छात्र हैं, जबकि छात्राओं की संख्या 1 लाख 58 हज़ार 7 सौ 78 है। इस तरह इन सभी विद्यार्थियों को सरकार की ओर से विशेष पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।