दो लाख का इनामी पीएलएफआई नक्सली चूहा गिरफ्तार, सुप्रीमो का था दाहिना हाथ

झारखंड
Spread the love

रांची।  दो लाख के इनामी पीएलएफआई नक्सली अवधेश जायसवाल उर्फ चूहा उर्फ बिहारी को एसटीएफ व एटीएस की टीम ने उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। वह बिहार के नालंदा जिले के चिकसौरा बाजार का रहनेवाला है। अवधेश को पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप का दाहिना हाथ माना जाता है। पुलिस उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है।

पुलिस के वरीय अधिकारी ने मौखिक रूप से उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आधिकारिक तौर पर इसका खुलासा नहीं किया है. अवधेश को पकड़ने के लिए डीजीपी नीरज सिन्हा ने टीम का गठन किया था। उसके बाद एसटीएफ और एटीएस की टीम ने पिछले कुछ दिनों से आईजी अभियान एवी होमकर के निर्देश पर उसके खिलाफ अभियान शुरू किया था।

वह दिनेश गोप के इशारे पर झारखंड के व्यवसायी, कोयला व जमीन कारोबारी और ठेकेदारों को वाट्सएप और वीडियो कॉल कर लेवी मांगता था। उसके खिलाफ चाईबासा, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, धनबाद, चतरा, रामगढ़ और रांची जिले में 40 से अधिक मामले दर्ज हो हैं। वह अब तक सौ से अधिक व्यवसायी और ठेकेदारों से लेवी मांग चुका है।

रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र निवासी दो व्यवसायियों से भी उसने लेवी मांगी थी। लेवी नहीं देने पर उसने एक व्यवसायी के घर के बाहर फायरिंग भी करवाई थी। अवधेश के परिवार के एक सदस्य की हत्या कुछ वर्ष पूर्व कर दी गई थी। उसके बाद वह नालंदा छोड़कर झारखंड आ गया और दिनेश गोप को हथियार और अन्य सामान की आपूर्ति करने लगा। कुछ ही दिनों में वह दिनेश गोप का विश्वास जीतकर उसका खास सहयोगी बन गया।

बाद में पैसे की लेनदेन को लेकर उसका दिनेश से विवाद हो गया था। इस कारण वह झारखंड छोड़कर कुछ माह पहले बिहार चला गया था।