साध्वी प्रज्ञा को अश्लील वीडियो भेजने वाले आरोपी राजस्थान से हुए गिरफ्तार

अपराध देश
Spread the love

नई दिल्ली। भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को फोन पर अश्लील वीडियो भेजने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों रिश्ते में सगे भाई हैं और राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले हैं।

आरोपियों के नाम रवीन खान और वारिस खान है। दोनों काफी समय से इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। दरअसल, भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने 6 फरवरी को शहर के टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने शिकायत में कहा था कि देर रात दो अज्ञात नंबरों से उन्हें अश्लील वीडियो और मैसेज भेजे गए। शिकायत में बताया गया था कि फोन पर एक लड़की कपड़े उतार रही थी। साध्वी को इसका स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी भी दी गई।

संवेदनशील मामला होने के कारण इस मामले की तफ्तीश के लिए क्राइम ब्रांच ने तहकीकात शुरू की। पुलिस ने जब दोनों मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया तो दोनों नंबर राजस्थान जिले के भरतपुर के निकले।