विवेक चौबे
गढ़वा। पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा ने रविवार को जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गरदाहा गांव का दौरा किया। उन्होंने मंदिर के अंदर जाकर पुजारी भारद्वाज मिश्र से मूर्ति चोरी की घटना की जानकारी ली। उन्होंने मठ के महंत महानंद पुरी से भी चोरी हुई राधा- कृष्ण की मूर्ति के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।
एसपी ने मंदिर के चारों तरफ की एरिया का भी जायजा लिया। मंदिर से पूर्व की ओर जाने वाली बांध होते रास्ता और गांव की गलियों में जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित पुलिस इंस्पेक्टर संजय खाखा और थाना प्रभारी फैज रब्बानी को घटना से जुड़े कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
विदित हो कि थाना क्षेत्र के गरदाहा मठ स्थित मंदिर से शुक्रवार की रात में अज्ञात चोरों ने राधा-कृष्ण की बेशकीमती दो मूर्ति की चोरी कर ली थी। चोरी के 32 घंटा बाद भी पुलिस मामले का उद्भेदन करने में असफल रही। इसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों का असंतोष बढ़ता जा रहा है। सोमवार को ग्रामीण कुछ कठोर कदम उठा सकते हैं।