पलामू। उग्रवादी संगठन जेजेएमपी से जुड़े कुख्यात अपराधी इंदल पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह झारखंड पुलिस को चकमा देकर बिहार फरार हो गया था। उस पर पलामू जिले के हुसैनाबाद, छतरपुर, नवीनगर थाने में करीब 16 अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
पलामू पुलिस को सूचना मिली कि इंदल बिहार के औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना इलाके में रह रहा है। सूचना के बाद झारखंड पुलिस ने बिहार पुलिस ने संपर्क किया। पलामू पुलिस की एक टीम बिहार भेजी गई। दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अपराधी को बिहार के मूंगिया गांव से उसे गिरफ्तार किया। इंदल झारखंड में सक्रिय उग्रवादी संगठन जेजेएमपी से जुड़ा रहा है। वह पलामू के सुकनाडेरा का रहने वाला है।
टंडवा थाना प्रभारी रंजीत कुमार के मुताबिक गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी हुसैनाबाद पुलिस को चकमा देकर बिहार में घुस गया है। उसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। बिहार पुलिस से संपर्क कर अपराधी के सभी अड्डों पर छापेमारी की गई। इसमें यह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।