मुख्तार अंसारी इस बार नहीं लड़ेंगे यूपी चुनाव, मऊ से अब बेटा मैदान में

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच एक बड़ी खबर आई है। जेल में बंद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। दशकों बाद ऐसा पहली बार होगा जब मऊ से विधायक मुख्तार अंसारी इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे।

मऊ सीट की सियासी विरासत अब मुख्तार अंसारी ने अपने बेटे अब्बास अंसारी को सौंप दी है। जिस मऊ सदर सीट से पिता लगातार पांच बार विधायक रहे, अब वहीं से इस बार बेटे अब्बास अपनी किस्मत आजमाएंगे। दरअसलस, मुख्तार अंसारी को कोर्ट ने नॉमिनेशन फाइल करने की भी इजाजत दे दी थी, मगर अब खबर है कि वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि मऊ सदर सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के टिकट पर अपने बेटे अब्बास अंसारी को लड़वाएंगे।

ओम प्रकाश राजभर की पार्टी के टिकट पर अब्बास अंसारी ने आज यानी सोमवार को नामांकन भी भर दिया। बता दें कि मऊ सीट से मुख्तार अंसारी लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं।