एमपीडब्ल्यू कर्मचारी 7 फरवरी को स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री के आवास का करेंगे घेराव

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड एमपीडब्ल्यू कर्मचारी संघ के आवाह्न पर राज्य के सभी एमपीडब्ल्यू कर्मचारी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कर रहे हैं। इस क्रम में कर्मचारी 7 फरवरी को स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री बन्‍ना गुप्‍ता के घर का घेराव करेंगे। आंदोलन अवधि में ही दो कर्मचारियों की मौत भी हो गई।

संघ के अध्‍यक्ष पवन कुमार ने बताया कि बीते 3 दिनों में 2 एमपीडब्ल्यू स्वास्थ्य कर्मचारी की मौत हो गई। आर्थिक स्थिति खराब रहने के कारण परिजन सही तरीके से उनका इलाज नहीं करा सकें। कोरोना काल में भी सैकड़ों लोगों की कर्मचारी जान बचा चुके हैं। आज इलाज के अभाव में खुद मर रहे हैं। मृतक विनय कुमार लातेहार के बरवाडीह और शशिभूषण कुमार रांची के नामकुम में पदस्थापित थे।

संघ के महासचिव कार्तिक उरांव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी और सरकार के उदासीन रवैया एवं हठधर्मिता, मृत साथियों को न्याय दिलाने सहित लंबित मांगों को लेकर 7 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव सह सत्याग्रह आंदोलन किया जाएगा। इसकी सूचना मुख्यमंत्री से लेकर राज्य के सभी वरीय अधिकारियों को दी गई है।

कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि इस बार झारखंड एमपीडब्ल्यू कर्मचारी संघ और झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ मांगों पूरी होने और सदस्‍यों को न्याय दिलाए बिना पीछे नहीं हटने वाला है। महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह ने बताया कि जिलों में अनुबंध कर्मियों का सिर्फ शोषण हो रहा है।