रांची। राजधानी रांची पहुंचे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने झारखंड में भाषा विवाद पर बड़ा बयान दिया है। लालू प्रसाद ने कहा कि जो भोजपुरी का विरोध करेगा, उसका हम विरोध करेंगे। रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद लालू प्रसाद ने मीडिया के साथ बातचीत में यह बयान दिया।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो समेत अन्य आदिवासी संगठनों की ओर से भोजपुरी और मैथिली भाषा का राज्य में किये जा रहे विरोध के संबंध में लालू ने कहा कि शिक्षा मंत्री की बातों में दम नहीं है। वो भोजपुरी-मैथिली का विरोध करेंगे, तो हम उनका विरोध करेंगे।
भाषा विवाद को लेकर झारखंड में रहने वाले भोजपुरी समाज में भय और दशहत के सवाल पर लालू प्रसाद ने कहा कि भोजपुरिया समाज जब डरता ही नहीं है, तो भय का क्या माहौल होगा।