रांची। सरकार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की मैट्रिक और इंटरमीडिएट स्तर की प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा की सूची जारी की थी। इसके बाद कई जिलों में भोजपुरी और मगही को क्षेत्रीय भाषा के रूप में शामिल किये जाने के खिलाफ आंदोलन शुरू हो गये।
इस क्रम में गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र राय की गाड़ी पर हमला भी किया गया। शुक्रवार को कांग्रेस विधायक सह मंत्री आलमगीर आलम, जेएमएम विधायक श्रीमती सबिता महतो, पूर्व विधायक योगेंद्र महतो और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सीएम से मुलाकात की। मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भाषा को लेकर जो बातें सामने आ रहीं हैं, उसपर जनता की भावनाओं के अनुरूप पुनर्विचार कर राज्य सरकार निर्णय ले।
कार्मिक विभाग ने पहले 23 दिसंबर, 2021 को भाषाओं की सूची जारी की थी। उसपर बवाल मचने पर 18 फरवरी को जिलावार क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं की नई सूची जारी की। विरोध को देखते हुए नई सूची में धनबाद, बोकारो से भोजपुरी और मगही को सूची से बाहर कर दिया गया। लातेहार से भी भोजपुरी को क्षेत्रीय भाषा से हटा दिया गया। हालांकि राज्य के सभी जिलों में क्षेत्रीय भाषा के रूप में उर्दू को शामिल कर लिया गया।
कार्मिक विभाग की अधिसूचना में जिलावार क्षेत्रीय भाषा
जिला | अब (18 फरवरी, 22) | पहले (23 दिसंबर, 21) |
रांची | नागपुरी, पंचपरगनिया, उर्दू, कुरमाली, बंगला | नागपुरी, पंचपरगनिया, कुरमाली, बंगला |
लोहरदगा | उर्दू, नागपुरी | नागपुरी |
गुमला | उर्दू, नागपुरी | नागपुरी |
सिमडेगा | उर्दू, नागपुरी | नागपुरी |
पश्चिम सिंहभूम | कुरमाली, उर्दू, उड़िया | कुरमाली, उड़िया |
पूर्वी सिंहभूम | कुरमाली, बंगला, उर्दू, उड़िया | कुरमाली, बंगला, उड़िया |
सरायकेला | पंचपरगनिया, उर्दू, उड़िया, बंगला, कुरमाली | पंचपरगनिया, उड़िया, बंगला, कुरमाली |
लातेहार | नागपुरी, उर्दू, मगही | नागपुरी, मगही, भोजपुरी |
पलामू | नागपुरी, उर्दू, मगही, भोजपुरी | नागपुरी, मगही, भोजपुरी |
गढ़वा | नागपुरी, मगही, उर्दू, भोजपुरी | नागपुरी, मगही, भोजपुरी |
दुमका | खोरठा, बंगला, उर्दू, अंगिका | खोरठा, बंगला, अंगिका |
जामताड़ा | खोरठा, उर्दू, बंगला, अंगिका | खोरठा, बंगला, अंगिका |
साहिबगंज | खोरठा, बंगला, उर्दू, अंगिका | खोरठा, बंगला, अंगिका |
पाकुड़ | खोरठा, बंगला, उर्दू, अंगिका | खोरठा, बंगला, अंगिका |
गोड्डा | खोरठा, बंगला, उर्दू, अंगिका | खोरठा, बंगला, अंगिका |
हजारीबाग | नागपुरी, कुरमाली, उर्दू, खोरठा | नागपुरी, कुरमाली, खोरठा |
कोडरमा | कुरमाली, उर्दू, खोरठा | कुरमाली, खोरठा |
चतरा | नागपुरी, उर्दू, खोरठा, मगही | नागपुरी, खोरठा, मगही |
बोकारो | नागपुरी, कुरमाली, खोरठा, उर्दू, बंगला | नागपुरी, कुरमाली, खोरठा, बंगला, भोजपुरी, अंगिका |
धनबाद | नागपुरी, खोरठा, कुरमाली, उर्दू, बंगला | नागपुरी, खोरठा, कुरमाली, बंगला, भोजपुरी, मगही |
गिरिडीह | खोरठा, उर्दू, कुरमाली | खोरठा, कुरमाली |
देवघर | खोरठा, अंगिका, उर्दू, बंगला | खोरठा, अंगिका, बंगला |
रामगढ़ | नागपुरी, उर्दू, कुरमाली, खोरठा | नागपुरी, कुरमाली, खोरठा |
खूंटी | नागपुरी, पंचपरगनिया, उर्दू, कुरमाली | नागपुरी, पंचपरगनिया, कुरमाली |