नई दिल्ली। दिल्ली दंगों के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों को नोटिस भेजा है। जिसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बीजेपी नेता मिश्रा, बीजेपी सांसद परवेश वर्मा को भी नोटिस भेजा गया है।
हाईकोर्ट ने सभी लोगों से चार मार्च 2022 तक इसपर जवाब मांगा है। इसमें पूछा गया है कि क्यों न इस मामले में पक्षकार के रूप में उनपर मुकदमा चलाया जाए। अदालत ने इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को नोटिस भेजा है।
दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर हुई थी। इसमें दंगे भड़काने में कथित भूमिका के लिए राजनेताओं सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में हुए दंगों को दो साल बीत चुके हैं।
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में साल 2020 में 23 फरवरी से 26 फरवरी तक दंगे हुए थे। इस दौरान 53 लोगों की मौत हुई थी, 581 लोग घायल हुए थे। 24 और 25 फरवरी को नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में दंगाइयों ने जमकर उत्पात मचाया था। इन दंगो के मामले में कुल 755 एफआईआर दर्ज की गई थीं।