रांची। यूक्रेन पर रूस के हमले से बिगड़े हालात के कारण वहां पढ़ाई करने गए झारखंड के कई छात्र फंसे हुए हैं। रांची, गढ़वा, कोडरमा, लोहरदगा, पलामू, लातेहार, साहिबगंज और देवघर समेत अन्य जिलों के छात्र घर वापसी के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं। इस बीच झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार अपने स्तर से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयासरत है।
राहत की खबर ये है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एलान किया है कि यूक्रेन से वापस लौटने वालों के टिकट का खर्च सरकार उठाएगी। यूक्रेन में फंसे विद्यार्थी लगातार परिजनों के संपर्क में हैं। परिजन भी जिला प्रशासन समेत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। झारखंड के छात्र यूक्रेन से अपने परिजनों से लगातार बातचीत कर रहे हैं।
वीडियो कॉल, वाट्सएप के जरिए वहां के हालात से अपने परिजनों को रू-ब-रू करा रहे हैं। इस दौरान उनका दर्द भी छलक रहा है। इससे परिजन काफी चिंतित हैं। छात्रों के साथ-साथ उनके माता-पिता सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। यूक्रेन में फंसे झारखंड के लोगों के लिए राज्य सरकार ने कंट्रोल रूम खोला है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से अपील की है कि वहां फंसे लोगों की सूचना कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में पढ़ने या रोजगार के लिए गए झारखंड के लोगों और उनके परिजनों से अपील है कि वह झारखंड कंट्रोल रूम के दिये गए नंबरों पर संपर्क कर जानकारी दें।
कंट्रोल रूम के इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
0651-2481055, 0651-2480058 0651-2480083, 0651-2482052 0651-2481037,0651-2481188
इन वाट्सएप नंबर पर भी कर सकते हैं संपर्क
9470132591, 9431336427, 9431336398, 9431336472