अच्छी खबर : रांची- टाटा रूट पर रेल बाइपास बनाने की तैयारी, बचेगा यात्रियों का वक्त

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। रांची-टाटा ट्रेन से यात्रा करने वालों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है। यात्रा में उनका कीमती समय बच सकता है। इस दिशा में काम हो रहा है। रेलवे बोर्ड को प्रस्‍ताव भेजा जा चुका है। उसकी मंजूरी का इंतजार है।

टाटानगर से रांची की दूरी को कम करने के लिए एक नया रेल बाइपास बनाने का प्रस्‍ताव दिया गया है। इसके अनुसार टाटा रांची आने और जाने के क्रम में ट्रेन मुरी जंक्शन जाने के बजाए इलू-सिल्ली होते हुए चलेगी। वर्तमान में टाटा-रांची रूट पर चार ट्रेन चलती है। सभी मुरी जंक्‍शन होकर आती है। मुरी में ट्रेन के इंजन को आगे से कटकर पीछे किया जाता है। इस प्रक्रिया में 15 से 20 मिनट लगता है।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने रेलवे बोर्ड को इलू से सिल्ली होते हुए नया बाइपास का प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्‍ताव पर काम शुरू होने पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। नए बाइपास लाइन बनने से 9.21 किलोमीटर रूट की बचत होगी। यात्रा में भी करीब एक घंटे की बचत होगी। अभी टाटा-रांची के बीच की दूरी 213 किलोमीटर है। इसे तय करने में 3 घंटे 50 मिनट लगते हैं।

नया बाइपास बन जाने पर ट्रेन ढ़ाई घंटे से दो घंटे 50 मिनट पर ही टाटा से रांची पहुंच जाएगी। ट्रेन के बाइपास रूट से यात्रियों को समय के साथ-साथ पैसे की भी बचत होगी। वर्तमान में बस का किराया सामान्य श्रेणी के लिए 250 रुपए और एसी क्लास के लिए 350 रुपए है। टाटा रांची इंटरसिटी में किराया द्वितीय श्रेणी के लिए 115 रुपए और एसी चेयर कार के लिए 405 रुपए है।