रांची के डुमरदगा बाल सुधार गृह में बच्चे ने की आत्महत्या की कोशिश, जानें वजह

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के डुमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में प्रताड़ना से तंग आकर एक बच्चे ने आत्महत्या की कोशिश की। उसके फिनायल पीने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की बतायी जा रही है। आनन-फानन में बाल कैदी को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। हालांकि बाल कैदी अब खतरे से बाहर है।

बताया जा रहा है कि सुधार गृह में रह रहे सीनियर बाल बंदी रंगदारी वसूलते हैं। रंगदारी के लिए जूनियर को प्रताड़ित किया जाता है, जो रंगदारी नहीं देता है उसे सिगरेट से जलाया जाता है। प्रताड़ना से तंग आकर ही बाल कैदी ने यह कदम उठाया है। रंगदारी का पैसा ई-पेमेंट के जरिये वसूला जाता है। कई बार रंगदारी के रूप में नशीला पदार्थ भी मंगवाया जाता है।

हालांकि झड़प के बाद 16-18 उम्रवाले बंदियों को वहां से हटाने की तैयारी शुरू हो गयी है। 62 बाल बंदियों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें प्लेस ऑफ सेफ्टी में रखा जायेगा। 120 बाल कैदियों की क्षमता वाले बाल सुधार केंद्र में वर्तमान में 158 बाल कैदी हैं। कुछ बाल बंदियों को दूसरे जिले के बाल सुधार गृह में शिफ्ट किया गया है।