दिल्ली में शनिवार और रविवार लगेगा वीकेंड कर्फ्यू, शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक रहेगा लागू

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में राजधानी में 4000 से ज्यादा केस सामने आए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी बीच दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। वीकेंड कर्फ्यू इसी हफ्ते से लागू हो सकता है.

बताया जा रहा है कि दिल्ली में शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू लागू रहेगा।  दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे केसों को देखते हुए डीडीएमए की मंगलवार को बैठक हुई है। इस दौरान कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा हुई है। वीकेंड कर्फ्यू लगाने को लेकर जल्द ही डीडीएमए आदेश भी जारी कर देगा। कुछ नए प्रतिबंधों का भी ऐलान किया जा सकता है।

इसके अलावा दिल्ली में नाइट कर्फ्यू पहले से ही लागू है। दिल्ली सरकार के सभी कर्मचारियों का वर्क फ्रॉम होम किया जा सकता है। हालांकि, सिर्फ जरूरी सेवाओं में लगे कर्मचारियों को इससे छूट दी जाएगी। वहीं, प्राइवेट ऑफिसों में भी 50% कर्मचारियों का वर्क फ्रॉम होम किया जाएगा। कोरोना के बढ़ते हुए केसों को देखते हुए दिल्ली एम्स ने सर्दियों की बची हुईं छुट्टियां (5 से 10 जनवरी) तक रद्द कर दी हैं। एम्स ने सभी स्टाफ से जल्द से जल्द ड्यूटी पर लौटने को कहा है।