रांची जिले में 5131 बच्‍चों को दिया गया टीका, कल यहां है सेंटर

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची जिले में 03 जनवरी, 2022 से 15+ बच्‍चों के वैक्सीनेशन की शुरुआत की गई। जिला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों में संबंधित आयु वर्ग के किशोरों ने अपना-अपना टीकाकरण कराया।

जिला प्रशासन की टीम ने 03 जनवरी, 2022 को 5,131 लोगों का 15+ टीकाकरण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में 3113 और शहरी क्षेत्र में 2018 लोगों को टीका दिया गया। सभी आयु वर्ग में पूरे जिले में 22,778 लोगों को कोविड-19 टीका दिया गया।

विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने टीकाकरण कार्य का जायजा लिया। अपर जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता, अपर समाहर्त्ता (नक्सल) रामवृक्ष महतो और डीआरसीएचओ शशि भूषण खलखो समेत अन्य पदाधिकारियों ने अलग-अलग टीका केंद्रों का जायजा लिया।

रांची के कई केंद्रों पर 15+ टीकाकरण को लेकर किशोरों में उत्साह देखा गया। जिले में बनाए गए 15+ टीकाकरण केंद्रों में वॉक इन और रजिस्ट्रेशन कर टीका लेने की व्यवस्था है।

रांची शहरी क्षेत्र में 04 जनवरी, 2022 को 13 स्थानों पर 15+ का टीकाकरण किया जाएगा। जिनकी उम्र 18 वर्ष है। वह 18+ टीका केंद्र में वैक्सीन ले सकेंगे।

रांची ग्रामीण क्षेत्रों में 04 जनवरी को 18 स्थानों पर होगा 15+ का टीकाकरण। अलग-अलग प्रखंडों में टीकाकरण के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है।