क्रय केंद्र पर धान बेचने आये किसान ने लगाई फांसी, फिर …

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

अवनीश कुमार

कायमगंज/फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश)। किसान क्रय केंद्र में धान बेचने आया था। उसने फांसी लगा ली। इसकी जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी मच गई। यह मामला कायमगंज मंडी समिति स्थित एफसीआई धान क्रय केंद्र का है।

जानकारी के अनुसार जनपद के थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव देवरा महसौना निवासी कृषक नंदराम लोधी ट्रैक्टर ट्रॉली से धान विक्रय करने कायमगंज मंडी समिति स्थित एफसीआई धान क्रय केंद्र पर 29 दिसंबर को आया था। कृषक को टोकन मिल चुका था। हालांकि उसका धान खरीदा नहीं गया।

बताया गया कि चंदौली में किसी क्रय केंद्र कर्मचारी से अभद्रता होने के कारण पूरे प्रदेश के धान क्रय केंद्रों पर काम करने वाले कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। इसीलिए कायमगंज क्रय केंद्र पर भी तौल का काम बंद कर दिया गया। पिछले 3 दिन से भीषण सर्दी में धान बेचने की उम्मीद से आया कृषक परेशान और हताश हो गया था।

क्रय केंद्र प्रभारी और अन्य कर्मचारियों के व्यवहार से उसे ऐसा लग रहा था कि अब उसका धान कुछ दिन और या फिर बिल्कुल ही नहीं खरीदा जाएगा। संभवत इसी हताशा में कृषक ने मंडी समिति के टीनशैड वाले पिलर पर अपने मफलर से फांसी लगते हुए आत्महत्या करने का प्रयास किया। जैसे ही उसने मफलर का दूसरा सिरा अपने गले में बांध कर झूलने का प्रयास किया, वहां मौजूद कुछ किसानों और अन्य लोगों ने देखते ही उसे फांसी के फंदे से नीचे उतार लिया।

बताया जाता है कि कुछ देर तक बेहोश रहने के बाद जब उसे होश आया। फिर उसने आपबीती सुनाई। लोगों उसे अस्पताल ले जाने की बात कही तो परेशान और हताश कृषक ने उपचार लेने से मना कर दिया। यह घटना जहां पर घटी वहां से थोड़ी दूर पर पुलिस चौकी स्थित है। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रशासन भी कुछ गंभीर होता नजर आया।