उत्तर प्रदेश। सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद सपा को बड़ा झटका लगा है। करहल से सपा नेता रघुपाल सिंह भदौरिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और बीजेपी में शामिल हो गए। इतना ही नहीं उन्होंने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। रघुपाल सिंह समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रहे हैं।
रघुराज सिंह का आरोप है कि सपा में यादव परिवार के लोगों को या बिरादरी के लोगों को ही मौका मिलता है। मैं करहल से ग्राम प्रधान भी रहा हूं। हमेशा सपा के लिए काम किया। पूर्व सैनिक हूं। पर वहां अखिलेश जी ने मेरी नहीं सुनी। वहां की जनता मेरे साथ है। मैं बीजेपी उम्मीदवार के लिए काम करूंगा। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का इस सीट से करीबी जुड़ाव रहा है।

मुलायम सिंह यादव ने करहल के जैन इंटर कॉलेज से ही शिक्षा ग्रहण की थी और वे यहां पर शिक्षक भी रहे। करहल मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई से महज चार किलोमीटर की दूरी पर है। करहल सीट पर पिछले 7 बार से सपा का कब्जा है। 2017 की लहर में भी बीजेपी इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई थी।