पेंशन बढ़ाकर 5 हजार करने को लेकर रेस हुआ बीएमएस, प्रदर्शन 20 जनवरी को

झारखंड
Spread the love

रांची। पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) फिर रेस हो गया है। इस मुद्दे को लेकर संगठन के सदस्‍य 20 जनवरी को देशभर के क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे। केंद्रीय वित्त मंत्री को ज्ञापन सौपेंगे। झारखंड में तीन जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा।

भारतीय मजदूर संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक की अध्‍यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरणम्य पांडिया ने की। इसमें ईपीएस 95 के पेंशनधारकों की न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये से बढाकर 5,000 रुपये एवं ईपीएस स्कीम से अवकाश ग्रहण  करने पर पेंशन योग्य अंतिम वेतन की आधी राशि पेंशन तय करने पर विमर्श हुआ।

चर्चा में सरकार पर दबाव बनाने के लिए 20 जनवरी, 2022 को देश के सभी 137 क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शन के माध्यम से पेंशन बढ़ाने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम क्षेत्रीय आयुक्त से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संगठन के झारखंड प्रदेश अध्‍यक्ष सत्‍य नारायण सिंह ने बताया कि झारखंड में जमशेदपुर, रांची और बोकारो जिले में कार्यक्रम किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। संगठन पेंशन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।