हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 19 बेड से ऑक्सीजन पाइप की चोरी, पहले 188 सिलेंडर ले उड़े थे चोर

झारखंड देश
Spread the love

हजारीबाग। हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकिल कॉलेज अस्पताल में एक बार फिर सांसों के सौदागरों ने चोरी की है। कोरोना की दूसरी लहर में यहां से चोर करीब 188 ऑक्सीजन सिलेंडर चुरा कर ले गए थे। इस बार ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाले पाइप उड़ा ले गए। अस्पताल में इस चोरी के बाद हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक 19 बेड से ऑक्सीजन पाइप गायब कर दिए गए हैं। सोमवार की सुबह इसकी सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इसमें किसी कर्मचारी की मिलीभगत हो सकती है। एक-एक कर सभी बेड से पाइप खोल लिए गए हैं। इस घटना के बाद से अस्पताल प्रबंधन सकते में है।

हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन अब थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी की कवायद में जुटा है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान यहां से ऑक्सीजन सिलेंडर ही गायब कर दिए गए थे। करीब 188 सिलेंडर को यहां से गायब किया गया था। बाद में छानबीन के बाद 166 सिलेंडर रिकवर किए गए थे। इस मामले की भी जांच अभी जारी है। एक कर्मचारी को भी इसमें निलंबित किया गया था। यहां से कोरोना की दूसरी लहर में 188 ऑक्सीजन सिलेंडर और 55 रेग्युलेटर की चोरी हो गई थी। अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ एके सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

इस मामले में एक नामजद सहित दो आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। कई लोग हिरासत में लिए गए थे। चोरी का मामला तब उजागर हुआ था, जब 13 मई 2021 को एक व्यक्ति ऑक्सीजन सिलेंडर भराने के लिए डेमोटांड़ स्थित ऑक्सीजन रिफिल प्लांट पहुंचा था। ऑक्सीजन भरने वाले आफाक अली और उनके प्लांट के कर्मचारियों को शक हो गया। उन्होंने सिलेंडर पहचान लिया और तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचित कर दिया था।