रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सरकारी स्कूलों के प्राचार्य और प्रभारी प्रधानाध्यापक का जनवरी निर्गत का आदेश जारी कर दिया गया। हालांकि उनसे फरवरी में काम करने का अंडरटेकिंग देना है। इस संबंध में रांची जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 29 जनवरी को जारी कर दिया।
उक्त आदेश में उल्लेख किया गया कि 10 जनवरी, 2022 को जिले के सभी प्रखंडों के साथ सम्पन्न ऑनलाईन बैठक में वर्तमान में चल रही सभी गतिविधियों की समीक्षा की गई थी। उक्त समीक्षा में ई-विद्यावाहिनी में बच्चों का वेरीफिकेशन कम पाया गया था। उक्त बैठक की कार्यवाही ( ज्ञापांक 43, दिनांक 12.01.2022) की कंडिका-8 में निर्देशित किया गया था कि सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य/प्रभारी प्रधानाध्यापक का जनवरी, 2022 का वेतन संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के द्वारा तब तक निर्गत नहीं किया जाएगा, जबतक कि वे अपने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों का वेरीफिकेशन 80 प्रतिशत तक प्राप्त न कर लें।
आगे लिखा गया है कि अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा फरवरी तक कार्य पूर्ण करने का अनुरोध किया गया है। वर्तमान में ई-विद्यावाहिनी से प्राप्त अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार जिले में 33 प्रतिशत बच्चों का वेरीफिकेशन किया जा चुका है। सम्वयक विचार के बाद यह निर्देश दिया जाता है कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/ प्रभारी प्रधानाध्यापक लिखित अंडरटेकिंग देंगे कि फरवरी तक कार्य पूर्ण कर लेंगे। तत्काल फरवरी माह को देखते हुए वेतन/मानदेय विमुक्त करने का निर्देश दिया जाता है।