मंत्री लेशी सिंह का फरार भतीजा गिरफ्तार, इस हत्याकांड के आरोपित पर था इतने रुपये का इनाम

देश बिहार
Spread the love

पटना। पूर्णिया के सरसी में कांग्रेस नेता व पूर्व जिला परिषद सदस्य रिंटू सिंह की हत्या के मामले में आरोपित आशीष कुमार सिंह उर्फ अटिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। अटिया को बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह का भतीजा बताया जाता है। कई आपराधिक मामलों में आरोपित अटिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। आरोपित पर 50 हजार का इनाम भी रखा गया था।

आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से सियासी रंग भी पकड़ लिया था। पुलिस पर लगातार यह आरोप लग रहा था कि अटिया को राजनीतिक संरक्षण है और पुलिस इसी दवाब में उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस बीच अब जब आशीष सिंह को दबोचा गया है तो आम लोगों ने भी राहत की सांस ली है।

बताया जाता है कि अटिया सिर्फ अपराध को ही अंजाम नहीं देता था, बल्कि उसका मनोबल भी काफी बढ़ चुका था और बेखौफ होकर वह किसी घटना को अंजाम देता था। आशीष कुमार सिंह उर्फ अटिया का नाम उस समय काफी चर्चा में आया था, जब एक शाम को सरसी थाना परिसर के बाहर चाय नाश्ते की दुकान पर रिंटू सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। रिंटू सिंह कांग्रेस नेता व पूर्व जिला परिषद सदस्य थे। रिंटू सिंह की पत्नी जिला परिषद की चुनाव लड़ रही थी। इस बीच रिंटू सिंह पर पहले भी गोलीबारी हुई थी। विपक्ष ने सड़क पर उतरकर भी आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की थी।

वहीं सरकार की मंत्री लेशी सिंह पर भी हमला बोला था। अटिया केवल रिंटू सिंह की हत्या का नहीं, बल्कि रिंटू सिंह का बेहद करीबी नीरज झा की हत्या का भी आरोपित था। नीरज झा को बीच सड़क पर गोलियों से भून दिया गया था। नीरज झा रिंटू सिंह का खास आदमी था और उसका सारा काम देखा करता था। नीरज के पिता पुलिस में दारोगा थे, जिनकी मौत हो चुकी है। नीरज झा ही रिंटू सिंह के काम से लेकर पैसे का हिसाब-किताब देखा करता था।