अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा, सरगना समेत आठ सदस्य गिरफ्तार, 21 बाइक जब्त

झारखंड देश
Spread the love

रांची। रांची, लोहरदगा, गुमला तथा लातेहार जिले से बाइक चोरी कर बेचने वाले गिरोह का कुड़ू पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित आठ अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए 21 बाइक बरामद की है। गिरोह के पांच सदस्य अब भी फरार हैं। एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि लोहरदगा जिले में बाइक चोर गिरोह के संबंध में लगातार सूचना मिल रही थी।

पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीणा को सूचना मिली कि रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते हुए नंबर बदलकर बेचने की योजना बन रही है। गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक छापामार टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने छापामारी करते हुए गिरोह के सरगना कैरो थाना क्षेत्र के हनहट गांव निवासी आनंद उरांव तथा सहयोगी कुड़ू थाना क्षेत्र के ननतिलो गांव निवासी नीरज उरांव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के क्रम में गिरोह में शामिल छह अपराधियों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए अपराधियों की निशानदेही पर चोरी की 21 बाइक बरामद की गई।

गिरफ्तार अपराधियों में गिरोह का सरगना कैरो थाना क्षेत्र के हनहट गांव निवासी आनंद उरांव, कुड़ू थाना क्षेत्र के ननतिलो गांव निवासी नीरज उरांव, नीतेश उरांव, लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कैमो निवासी बबलू उरांव, सदर थाना क्षेत्र के हिरही टोंगरी टोला निवासी छोटू बाखला तथा शुभम उरांव, ब्राह्मणडीहा करंज टोली निवासी विकास टाना भगत तथा कार्तिक उरांव शामिल हैं। बाइक चोर गिरोह का खुलासा करने में पुलिस को सात थाना क्षेत्रों में दो दिनों तक छापामारी अभियान चलाना पड़ा।