बिरसा कृषि विवि के पूर्व अनुसंधान निदेशक डॉ शंकर तिवारी का निधन

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व अनुसंधान निदेशक डॉ शंकर तिवारी का 80 वर्ष की उम्र में वृहस्पतिवार की शाम को रांची के एक अस्पताल में देहांत हो गया। वह पिछले कुछ अर्से से अस्वस्थ थे।

डॉ तिवारी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडल के साथ बीएससी (कृषि अभियंत्रण), यूनिवर्सिटी ऑफ अल्बर्टा, कनाडा से एमएससी और आईआईटी, खड़कपुर से पीएचडी किया था।

वर्ष 1972 में उन्होंने रांची कृषि महाविद्यालय में शुष्क भूमि परियोजना सह कृषि अभियंत्रण विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवा प्रारंभ की। बाद में वह राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, समस्तीपुर के कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय में पोस्ट हार्वेस्ट इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर सह विभागाध्यक्ष नियुक्त होकर चले गए।

फिर 1990-91 में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में सीधी नियुक्ति द्वारा अपर अनुसंधान निदेशक बनकर वापस आ गये। उन्होंने वर्ष 2000 से जनवरी, 2002 तक अनुसंधान निदेशक के रूप में भी कार्य किया। उनकी तीन पुत्रियां प्रीति पाठक, मेनका और गुंजन हैं।

बीएयू के कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह और विश्वविद्यालयकर्मियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।