उत्तर प्रदेश। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में बड़ा उलटफेर देखने को मिला रहा है। भाजपा के कई मंत्री और विधायक पार्टी से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हो गये हैं। मुलायम सिंह की छोटी बहू भाजपा का दामन थाम चुकी है। इसकी कड़ी में गुरुवार को कांग्रेस की ब्रांड एंबेसडर प्रियंका मौर्य भी भाजपा में शामिल हो गई।
लखनऊ में कांग्रेस की पूर्व नेता प्रियंका मौर्य और समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता भाजपा में गुरुवार को शामिल हुए। बुधवार को मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव ने भाजपा का हाथ थामा था।
भाजपा में शामिल होने के बाद प्रियंका मौर्य ने कहा कि समाज सेवा के लिए मैं कांग्रेस से जुड़ी थी। मुझे कहा गया आप मेहनत करें फल जरूर मिलेगा। एक स्लोगन मिला ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं।‘ मैं आज कहती हूं लड़की हूं लड़ने का हुनर रखती हूं। मेहनत भी की, परिणाम भी अच्छे आए, पर मुझे लड़ने का मौका नहीं मिला।