रांची। रांची में बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था चिंताजनक है। पुलिस कायर हो चुकी है। सरकार मूकदर्शक बनकर रह गई है।
हेमंत या तो अपराधी से घिरे हुए हैं या उग्रवादियों से घिरे हैं, जिस कारण राज्य की यह स्थिति हो गई है। इससे पहले भी वह राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं। इसमें उन्होंने राज्य सरकार के दो साल को पूरी तरह से फेल बताया था। राज्य की विधि-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए थे।
आज के प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ बीजेपी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी मौजूद थे। मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप भी मौजूद रहे।
मीडिया से बात करते हुए पहले उन्होंने पंजाब में पीएम मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को बेहद ही गंभीर बताया। इस घटना के लिए उन्होंने कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। साथ ही पंजाब सरकार से पीएम मोदी के काफिले को रोकनेवालों पर कार्रवाई करने की मांग की। उसके बाद उन्होंने झारखंड सरकार पर भी कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।


