नाराज काजी ने इस वजह से निकाह पढ़ने से किया इनकार

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तरप्रदेश। यूपी के झांसी में एक काजी ने निकाह पढ़ने से मना कर दिया। दरअसल, रोक के बावजूद बारात में दूल्हा डीजे के साथ दुल्हन के घर पहुंच गया। इस पर काजी नाराज हो गए और उन्होंने निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। करीब 4 घंटे चले मान-मनौवल के बाद काजी एक शर्त के साथ मान गए।

शर्त ये थी कि वर-वधू पक्ष के लोगों ने स्टेज पर जाकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी। इसके बाद देर रात डेढ़ बजे काजी ने निकाह पढ़ाया। इसके बाद शहर के 3 काजियों ने मिलकर फतवा जारी कर मुस्लिम समाज के निकाह में डीजे पर रोक भी लगा दी। फतवे का उल्लंघन करने पर लड़के पक्ष पर 25 हजार रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। यदि किसी काजी ने बारात में डीजे बजने के बाद निकाह पढ़ाया तो उस पर भी 5100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

झांसी के पुलिया नंबर 9 स्थित मदीना मस्जिद के काजी अताउल्ला खान ने बताया कि पुलिया नंबर 9 पानी की टंकी के रहने वाली एक लड़की का रिश्ता झांसी के ही गुरसराय में हुआ था। 7 दिन पहले इमाम घर जाकर बताकर आए थे कि बारात में डीजे लेकर नहीं आना है। इस संबंध में फोन पर लड़के वालों से भी बात हो चुकी थी।

हालांकि, बीती रात लड़के वाले बारात में डीजे लेकर पहुंच गए। डीजे पर नाचते हुए बाराती दुल्हन के घर पहुंचे। शुरूआती रस्म अदा करने के बाद जब निकाह का वक्त हुआ, तब काजी ने रोक के बावजूद बारात में डीजे बजाने को लेकर निकाह पढ़ाने से मना कर दिया।