रांची। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। इससे पहले झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। वे फिलहाल जमशेदपुर में होम आइसोलेटेड हैं। मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर ट्वीट कर इसकी जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा है कि काफी कम लक्षण हैं और कोई तकलीफ भी नहीं है। वे होम आइसोलेटेड हैं। जल्द ही स्वस्थ होकर जनता की सेवा में उपस्थित होंगे। रविवार को पूरे राज्य में 3,444 नए संक्रमित मिले हैं, जो शनिवार की तुलना में 1,720 कम है। हालांकि कोरोना संक्रमित छह लोगों की मौत भी हो गई। उन्हें कई अन्य प्रकार की गंभीर बीमारियां भी थीं। मृतकों में पूर्वी सिंहभूम के चार, गोड्डा व कोडरमा के एक-एक संक्रमित शामिल हैं। वहीं राज्य में एक्टिव केस की संख्या 23,328 तक पहुंच गई है।
रविवार को रांची में 1,143 कोरोना संक्रमित मिले। वहीं पूर्वी सिंहभूम में 542, धनबाद में 199 और बोकारो में 186 संक्रमित मिले हैं। राहत की बात यह है कि राज्य में बहुत दिनों के बाद 1,208 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं, जिसमें रांची के सबसे ज्यादा 423 शामिल हैं।