सिक्किम। भारी बर्फबारी की वजह से सिक्किम के नाथुला में करीब 1027 पर्यटक फंस गए। यहां शनिवार दोपहर से बर्फबारी जारी है। फंसे पर्यटकों को सेना ने नाथुला दर्रे के पास अपने शिविर में शरण दी है. सेना की टीमें फंसे हुए पर्यटकों को गंगटोक पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। चांगू झील के पास सैकड़ों की संख्या में पर्यटक फंस गए हैं, जिसके बाद सेना ने बचाव अभियान शुरू किया है।
भारी बर्फबारी की वजह से शनिवार को जवाहर लाल नेहरू रोड बंद हो गया है, जिससे सैकड़ों पर्यटक चांगू झील के पास फंस गए हैं। सेना ने उन्हें बचाया और रात के समय अपने शिविरों में रहने की जगह दी। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह मौसम में मामूली सुधार हुआ है। पर्यटकों को छोटे-छोटे समूहों में बांटा गया है और सेना के जवान उन्हें करीब 40 किलोमीटर दूर गंगटोक पैदल पहुंचने में मार्गदर्शन कर रहे हैं।
अंतिम खबर मिलने तक बचाव अभियान जारी था और इसके सोमवार तक जारी रहने की संभावना है क्योंकि सैकड़ों की संख्या में पर्यटक क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान चीन से लगती भारत की सीमा के नजदीक सोंगमो या चांगू झील घूमने गए थे। उन्होंने बताया कि फंसे हुए पर्यटकों में 250 लोग कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं।