झारखंड में पूरी हुई विनय पाठक के ‘भगवान भरोसे’ की शूटिंग

मनोरंजन
Spread the love

  • पोस्ट-प्रोडक्शन अंतिम चरण में, अगले साल होगी रिलीज

मुंबई। झारखंड के देवघर में हिन्‍दी फिल्म ‘भगवान भरोसे’ की शूटिंग पूरी हो गई। इसमें सतेंद्र सोनी और स्पर्श सुमन के अलावा मंझे हुए अभिनेता विनय पाठक, मसुमेह मखीजा, मनु ऋषि चड्ढा, श्रीकांत वर्मा, सावन टैंक और कृष्ण सिंह बिष्ट ने अभिनय किया है।

फिल्म के निर्माता शिलादित्य बोरा हैं। प्लाटून वन फिल्म्स, लाइटहाउस इनोवेंचर्स और श्री सत्य साई आर्ट्स के साथ श्रीलंकाई ऑटोरियर फिल्म निर्माता प्रसन्ना विथानगे द्वारा सह-निर्मित है। सुधाकर नीलमणि और मोहित चौहान की पटकथा के साथ यह एक दिलचस्प ड्रामा है।

विनय पाठक कहते हैं, ‘भगवान भरोसे एक प्यारी और विशेष कहानी है। शिलादित्य के पहले निर्देशन का हिस्सा बना हूं। यह उनकी लंबी शानदार सिनेमा यात्रा की शुरुआत हो सकती है। मैं फिल्म को पूरा करने और स्क्रीन पर रिलीज होने के लिए इंतजार नहीं कर सकता।‘

मासूमेह मखीजा कहती हैं, ‘भगवान भरोसे एक ऐसी फिल्म है, जो बहुत ही कठिन विषयों की खोज करती है। समकालीन भारत में इसकी अत्यधिक प्रासंगिकता है। यह एक सच्ची जुनून के साथ बनाया गया प्रोजेक्ट है। यह जुनून फिल्म के हर पहलू में दिखाई देता है।‘

शिलादित्य कहते हैं, ‘कई बार मैं अपनी पहली फीचर को निर्देशित करने के करीब आया, लेकिन असफल रहा। करीब 20 वर्षों के इंतजार के बाद मैंने अपने फीचर निर्देशन की पहली फिल्म ‘भगवान भरोसे’ की शूटिंग पूरी कर ली। भावुक और मेहनती समूह, सर्वश्रेष्ठ कलाकार और क्रू मेंबर्स द्वारा संभव बनाया गया है। हम फिल्म को अंतिम रूप देने के लिए उत्साहित हैं। अगले साल के अंत से पहले इसे दर्शकों के सामने लाने की उम्मीद करते हैं।‘