2 जनवरी से इन इलाकों में चलेगी भीषण शीतलहर, पारा 4 डिग्री तक गिरने की संभावना

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा कि अगले दो दिनों में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में ठंड काफी बढ़ने वाली है। न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी भारत में 3.5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। 3 जनवरी तक पंजाब के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2 जनवरी तक भीषण शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है।

इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत के इलाकों में रात से सुबह तक घने कोहरे की संभावना है।  उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग गरज के साथ हल्की से मध्यम और छिटपुट से काफी व्यापक वर्षा होने की संभावना है।

उत्तरी आंतरिक ओडिशा में भी भारी बारिश की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ के 4 से 7 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। 1 से 3 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है।