भक्तिमय आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘नानी बाई रो मायरो’ उत्सव कल से, तैयारी पूरी

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। भक्तिमय आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘नानी बाई रो मायरो’ उत्सव 15 से 17 दिसंबर तक ललित नारायण स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम के लिए स्‍टेडियम सज धजकर तैयार है। कथा वाचन करने जया किशोरी लोहरदगा आ रही है। वह अब तक 350 से अधिक कथाएं कर चुकी हैं। इस तीन दिवसीय भक्तिमय संध्या में सभी आनंद के सागर में डूबकर अध्यात्म की सैर करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा भक्त नरसी की भगवान कृष्ण की भक्ति से संबंधित है। इसमें लड़की की शादी में नाना या मामा द्वारा मायरो (भात) कन्या को दिया जाता है। इस कथा में मायरो भगवान श्री कृष्ण द्वारा स्वयं दिया गया था। जया किशोरी द्वारा इसी कथा का वाचन किया जाना है। इसके साथ-साथ वे अपनी सम्मोहक वाणी से इस सत्संग में भजन से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य लगातार काम कर रहे हैं। आयोजन समिति के संरक्षक राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि मनुष्य को जीवन में दान, संयम और सत्संग का लाभ लेना चाहिए। सत्संग से मनुष्य को अनेक लाभ होता है। इससे मनुष्य के अंदर का दुर्गुण दुर्व्यसन और दुख दूर होते हैं। मनुष्य का ज्ञान निरंतर बढ़ता जाता है। उन्‍होंने लोगों से अधिक से अधिक लोग उपस्थित रहकर अमृतवाणी का लाभ लेने की अपील की।

नानी बाई रो मायरो कार्यक्रम में आगंतुकों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल के निकट पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यह लूथरन उच्च विद्यालय मैदान, स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल का आरा मिल, एमएलए महिला इंटर कॉलेज और सोबरन टोली कॉलेज रोड (निकट कार्तिक उरांव प्रतिमा) है।