दबंग डीलर लाभुकों को राशन नहीं देने के लिए उठा रहा हर कदम

झारखंड
Spread the love

  • परेशान लाभुक अब डीसी और डीएसओ से करेंगे शिकायत

विवेक चौबे

गढ़वा। राशन डीलर बेखौफ हो गये हैं। उसे कार्रवाई का डर नहीं है। उसने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी के आदेश के बाद भी लाभुकों को राशन नहीं दि‍या। निर्देश के बाद पहले राशन लेने गये लाभुकों को डीलर ने फटकार कर भगा दिया। इसके बाद खुद फरार हो गया। उसकी मनमानी से त्रस्‍त लाभुकों ने अब डीसी और डीएसओ से शिकायत करने का निर्णय लिया है। यह मामला झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड का है।

प्रखंड की शिवपुर पंचायत अंतर्गत तेलियाबान्ध गांव के डीलर राम जी राम को प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शुक्रवार को तेलियाबान्ध और तेलियानिजामत गांव के लाभुकों को दो दिनों में तीन महीना का राशन देने का आदेश  दिया था। रविवार को दोनों गांव के दर्जनों लाभुकों ने राशन लेने डीलर के पास पहुंचे। इससे पहले डीलर फरार हो गये। लोगों ने फोन के माध्यम से भी संपर्क करना चाहा, किन्तु वह बंद मिला। राशन नही मिलने पर लाभुकों ने डीलर के विरुद्ध जमकर हंगामा किया।

विदित हो कि दोनों गांव के दर्जनों लाभुक शुक्रवार को डीलर की शिकायत लेकर प्रखंड कार्यालय में बीडीओ से मिले थे। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने दो दिनों के भीतर लाभुकों के बीच राशन वितरण करने का निर्देश फोन के माध्यम से डीलर को दिया था। हालांकि पदाधिकारी के आदेश का पालन डीलर द्वारा नहीं किया गया।

लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि डीलर द्वारा तीन महीने का राशन खुले बाजार में बेच दिया है। सभी ने सोमवार को डीलर की शिकायत को लेकर उपायुक्त और जिला आपूर्ति पदाधिकारी से मिलने का निर्णय लिया। लाभुकों के साथ पंचायत के पूर्व मुखिया जयकिशुन राम, बीडीसी शोभा देवी भी थी।

डीलर के विरुद्ध मोर्चा खोलने वालों में कुसमी देवी, सीताराम चौधरी, महेश चौधरी, गिरिवर साहू, बिफनी देवी, मंगरी देवी, राजमतिया कुंवर, उर्मिला देवी, नरेश चौधरी, सरिता देवी, नशिबन बीबी, भागमती देवी, तेतरी देवी, मुखलाल राम, महेंद्र राम, ग्यासु अंसारी, जगनारायण साह, हसबुन बीबी, राजेन्द्र राम, चंदन कुमार गुप्ता, सैरा बीबी सहित कई लोग शामिल थे।