अभियान से कुछ नया सीख रहे हैं रांची के स्‍लमों के बच्‍चे

झारखंड
Spread the love

  • यूनीसेफ और राष्‍ट्रीय सेवा योजना की संयुक्‍त पहल 

रांची। रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना और झारखंड यूनीसेफ के संयुक्त तत्वावधान में नवंबर, 2021 से रांची के विभिन्न स्लमों में ‘आओ कुछ नया सीखें (HANSI)’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्लम क्षेत्र में छोटे बच्चों को पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व के विकास के लिए कई प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसमें हाथ धुलाई की विधि, स्वच्छता, फिटनेस के लिए योग-व्यायाम, पेंटिंग, शिक्षाप्रद खेल, अनुशासन, समय पालन का महत्व, वक्तृत्व कला का अभ्यास, राज्य एवं देश की महत्वपूर्ण घटनाएं, कोरोना की गाइडलाइंस का पालन सहित अन्‍य शामिल हैं।

विवि के एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि रांची विवि के 40 एनएसएस के स्वयंसेवक 04 दलों में बटकर 03 स्लमों (हातमा, सरना टोली एवं एदलहातु) के 120 छात्र-छात्राओं को प्रत्येक रविवार को 04-04 घंटे समय देकर सिखाने एवं पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दल में 10-10 स्वयंसेवकों को शामिल कर   इन स्लम बस्तियों में बच्चों को नई-नई जानकारियां देने का काम करते हुए अपना भी सामाजिक भाव विकसित कर रहे हैं। उन बच्चों के बड़े भाई एवं बहन बनकर उन्हें विकसित कर रहे हैं।

एनएसएस के 04 दलों का नेतृत्व दलनायक क्रमशः दिवाकर आनंद, फलक फातिमा, गगन कुमार महतो एवं श्रुती कुमारी कर रहे हैं। उन बच्चों के लिए पेंसिल, कॉपी, कलम, किताबें, और रस्सी, गेंद, लूडो आदि खेल सामग्री की भी व्यवस्था कर रहे हैं।

यूनीसेफ की संचार पदाधिकारी आस्था अलंग एवं कॉसल्टेंट डॉ प्रियंका सिंह ने बताया कि एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा किये जा रहे अभिनव प्रयोग को देखते हुए कुछ स्थायी कार्यक्रम इन स्लम बस्तियों में चलाये जाएंगे। कुछ और गांवों में कुछ नया सीखें अभियान के अंतर्गत कई रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ कामिनी कुमार से अनुमति ली जाएगी। उन्होंने बताया कि एनएसएस एवं यूनीसेफ द्वारा आने वाले दिनों में झारखंड के प्रत्येक जिलों में इस अभियान को चलाया जाएगा।

इस अभियान में शामिल प्रमुख स्वयंसेवकों में क्रमशः अन्नू कुमारी, रोजी शर्मा, प्रिंस तिवारी, आकाश दुबे, सुजीत कुमार, रूपम मिश्रा, सुषमा खलखो, धिरंजन साहू, नीरज कुमार, आभास कुमार, भुवनेश्वरी कुमारी, दीपा कुमारी, नेहा कुमारी, शुभम गुप्ता, सुषमा कच्छप, अंजली मिश्रा, सुरुचि कुमारी, अंजली सिंह, संदीप राणा, श्रद्धांजलि चंद आदि शामिल हैं।